मिर्जापुर। भारतीय मजदूर संघ (BMS) की कार्यकारिणी की बैठक रविवार को सिटी क्लब में आयोजित हुई। बैठक में संगठन के पदाधिकारियों के साथ विभिन्न संबद्ध कर्मचारी एवं कामगार यूनियनों के प्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया गया। बैठक में आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों, आंदोलन तथा श्रमिक हितों से जुड़े विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।
बैठक के मुख्य अतिथि भारतीय मजदूर संघ के प्रदेश मंत्री अरुण कुमार दुबे रहे। उन्होंने कहा कि प्रदेश के कर्मचारियों एवं कामगारों से जुड़े विषयों को लेकर बीएमएस लगातार सरकार के समक्ष अपनी बात पहुंचा रहा है। आगरा में 18, 19 एवं 20 अगस्त को आयोजित प्रदेश स्तरीय कार्यकारिणी बैठक में उठाए गए विभिन्न मुद्दों को देखते हुए यह कहना गलत नहीं है कि प्रदेश भर के कर्मचारी वर्तमान नौकरशाही तंत्र के नाइंसाफ़ी से परेशान हैं। सरकार द्वारा संचालित योजनाओं को या तो लागू नहीं किया जा रहा है या फिर पात्रों को लाभ नहीं दिया जा रहा है, जिससे कर्मचारी वर्ग में नाराजगी है।
बैठक में मिर्जापुर असंगठित कामगार यूनियन (MAKU) की ओर से महामंत्री मंगल तिवारी एवं संगठन मंत्री वीरेंद्र बिंद ने प्रतिभाग किया। MAKU द्वारा असंगठित एवं निर्माण श्रमिकों से जुड़े मुद्दों को बैठक में प्रमुखता से रखा गया।
MAKU महामंत्री मंगल तिवारी ने कहा कि असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों की आर्थिक एवं सामाजिक परिस्थितियां अन्य क्षेत्रों के श्रमिकों से अलग हैं। निर्माण श्रमिकों सहित असंगठित कामगारों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने, उनके पंजीकरण, लंबित मामलों के निस्तारण तथा श्रमिकों के अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास किए जाने की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों के मुद्दों को संगठित रूप से सामने लाना और उनकी समस्याओं की पैरवी करना यूनियन की प्राथमिकता है। श्रमिकों की वास्तविक समस्याओं को संगठनात्मक मंच तक पहुंचाकर उनके समाधान के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे।
BMS विभाग प्रमुख मिर्जापुर अश्वनी शुक्ला ने आगामी कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए बताया कि 1 से 3 जनवरी 2027 को कानपुर में BMS का त्रिवार्षिक अधिवेशन प्रस्तावित है। इसके पूर्व 17 से 21 नवंबर तक प्रस्तावित आंदोलन कार्यक्रमों को लेकर भी बैठक में चर्चा की गई।
BMS जिला मंत्री चंद्रभूषण पांडे ने कहा कि श्रमिक संगठन की शक्ति उसकी एकजुटता में निहित है। उन्होंने श्रमिक प्रतिनिधियों से संगठन को मजबूत करने तथा श्रमिकों को उनके हक एवं अधिकारों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
बैठक की अध्यक्षता वीरेंद्र कुमार ने की तथा संचालन BMS जिला मंत्री चंद्रभूषण पांडे ने किया।
बैठक में बीएमएस पदाधिकारियों के साथ विभिन्न कर्मचारी एवं कामगार यूनियनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। इस दौरान श्रमिक हितों से जुड़े मुद्दों के साथ आगामी संगठनात्मक एवं आंदोलनात्मक कार्यक्रमों पर भी चर्चा हुई।
उक्त बैठक में भरतीय मजदूर संघ व सम्बद्धता प्राप्त यूनियन प्रतिनिधि मौजूद रहें जिन्हे बीएमएस की नीतियों से अवगत कराते हुए राष्ट्र के निर्माण, राष्ट्रहित को सर्वोपरी मानते हुए मॉ भारती के नारो के जयघोष किए गए।
बैठक में मिर्जापुर असंगठित कामगार यूनियन की तरफ से संगठन मंत्री वीरेंद्र बिन्द, कोषाध्यक्ष सूरज प्रसाद के अलावा पोस्टल प्रदेश महामंत्री राजीव कुमार सिंह, एएचएमयूपी अध्यक्ष अतुल ठाकूर, एनएचएम से विमलेश दूबे, संदीप साहनी एमटीएस मिर्जापुर डाक, राहुल यादव जल निगम, नगर पालिका कर्मचारी संघ से आनन्द कसेरा, विनोद यादव, अखिलेश तिवारी, अर्जून पाल, विनोद यादव, सौरभ वर्मा, कमलेश सिंह चौहान ऑटो यूनियन आदि रहे।